इस आंदोलन का उद्देश्य देश के लाखों छात्रों और युवाओं के भविष्य की रक्षा करना तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाना था। शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे छात्रों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरकार से दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।
दुर्भाग्यवश, जनभावनाओं का सम्मान करने के बजाय प्रशासन द्वारा आंदोलन को दबाने का प्रयास किया गया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों को बलपूर्वक रोका गया तथा कई लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। यह घटना लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और न्यायपूर्ण परीक्षा प्रणाली के लिए यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। हमारा संकल्प है कि छात्रों के हितों, पारदर्शिता और न्याय के लिए हर लोकतांत्रिक मंच पर आवाज़ उठाते रहेंगे।