About Us

डॉ पल्लवी पटेल का परिचय

डॉ. पल्लवी पटेल उत्तर प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक नेताओं में से एक हैं, जो सामाजिक न्याय, पिछड़े वर्गों, किसानों, श्रमिकों, महिलाओं एवं वंचित समाज के अधिकारों की सशक्त आवाज़ के रूप में जानी जाती हैं। वे सिराथू विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए जनहित के मुद्दों को मजबूती से सदन और जनता के बीच उठाती रही हैं।

डॉ. पल्लवी पटेल प्रसिद्ध समाजवादी चिंतक, अपना दल के संस्थापक एवं सामाजिक न्याय के प्रखर योद्धा डॉ. सोनेलाल पटेल की पुत्री हैं। उनके जीवन, विचारों और संघर्षों का डॉ. पल्लवी पटेल के व्यक्तित्व एवं राजनीतिक जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है।

उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत आदरणीय डॉ. सोनेलाल पटेल जी के मार्गदर्शन में हुई। उनके साथ विभिन्न संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में आने-जाने का अवसर प्राप्त हुआ, जहाँ से समाज सेवा, सामाजिक न्याय और संगठन को मजबूत बनाने की प्रेरणा मिली। वर्ष 2008 से वे सक्रिय रूप से पार्टी के कार्यों से जुड़ी रहीं। उन्हें लगभग एक वर्ष तक डॉ. सोनेलाल पटेल जी के सहयोगी के रूप में कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ, जिससे उन्होंने संगठन, नेतृत्व और सामाजिक संघर्ष की बारीकियों को निकट से सीखा।

लंबे समय तक पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने के पश्चात उन्होंने तीन वर्षों तक पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वर्तमान में वे अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय कार्यवाहक के रूप में संगठन का नेतृत्व कर रही हैं।

डॉ. पल्लवी पटेल का मानना है कि लोकतंत्र तभी सार्थक होगा जब समाज के पिछड़े, वंचित और कमजोर वर्गों को शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सम्मानजनक भागीदारी का समान अवसर प्राप्त होगा। इसी विचारधारा के साथ वे सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों और पिछड़े वर्गों के सम्मान की लड़ाई को निरंतर आगे बढ़ा रही हैं।

उनका राजनीतिक जीवन सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और अवसर पहुँचाने के संकल्प का प्रतीक है। वे आज भी डॉ. सोनेलाल पटेल के सपनों और विचारों को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक परिवर्तन के लिए निरंतर कार्यरत हैं।